बहराइच। फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील मुख्यालयों पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील कैसरगंज में सीडीओ मुकेश चंद्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
सभी छह तहसीलों में समाधान दिवस के दौरान कुल 200 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 22 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। कैसरगंज तहसील में प्राप्त 71 शिकायतों में से पांच का समाधान किया गया। इस दौरान सीडीओ ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी भाग लिया।
तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में एडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित दिवस में 36 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार का निस्तारण किया गया। पयागपुर में 33 में से पांच, तहसील सदर में 17 में से दो, महसी में 12 में से दो, तथा नानपारा में 31 में से चार प्रार्थना-पत्रों का मौके पर निस्तारण हुआ।
पयागपुर तहसील में एसडीएम अश्वनी कुमार पांडेय की अध्यक्षता में 33 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच मामले राजस्व संबंधी रहे। इस मौके पर तहसीलदार अंबिका चौधरी, प्रभारी खंड विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह और थानाध्यक्ष मिथिलेश भी मौजूद रहे।
साहब, मेरी भूमि को संक्रमणीय कर दीजिए
मिहींपुरवा। संपूर्ण समाधान दिवस में मोतीपुर गांव की निर्धन महिला केशरानी अपनी समस्या लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वे कई वर्षों से अपने पट्टे की भूमि को संक्रमणीय कराने के लिए तहसील के चक्कर काट रही हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। लगभग 25 वर्ष पहले मिला उनका पट्टा आज तक संक्रमणीय नहीं हो पाया है, जिससे उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
दो साल से पेंशन के लिए भटक रहे बंशीलाल
कैसरगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में मिले कटका मरौठा निवासी बंशीलाल ने बताया कि वे दो वर्षों से वृद्धा पेंशन और किसान सम्मान निधि के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। वर्ष 2012 से उन्हें पेंशन मिल रही थी, लेकिन दो वर्ष पहले अचानक पेंशन बंद हो गई। कई बार तहसील और जिला मुख्यालय जाने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ, जिससे वे परेशान हैं।