अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक ग्रामीण की मौत हो गई, वहीं तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
फखरपुर थाना क्षेत्र के मुड़का गांव निवासी उस्मान (32) पुत्र जंग बहादुर अपने मित्र फारुख (30) पुत्र जमालुद्दीन के साथ बुधवार की शाम फखरपुर बाजार आए थे। यहां पर लोगों से मिलने के बाद दोनों मित्र बाइक से घर लौट रहे थे।
तभी फखरपुर-मुड़का मार्ग पर अरई पुलिया के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली में बाइक जा भिड़ी। हादसे में बाइक चला रहे उस्मान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी फारुख को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम प्रधान तारिक ने बताया कि पुलिस को सूचना देने के बाद शव का पंचनामा कर दफना दिया गया है। उधर, श्रावस्ती के गिलौला निवासी ननके (25) पुत्र बडे़लाल अपने रिश्तेदार लल्ला (26) पुत्र जोतनरायन निवासी महुवर पट्टी कर्नलगंज गोंडा के साथ अलग-अलग बाइक से बाराबंकी स्थित देव स्थान पर पूजा-अर्चना करने गए थे।
इसके बाद दोनों घर लौट रहे थे। तभी बहराइच-लखनऊ-मार्ग पर जरवलरोड थाना अंतर्गत झुकिया के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार जीप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाया। यहां पर हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने ननके को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, लल्ला को मामूली चोटें होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे भेज दिया गया है।
झुकिया गांव के निकट जीप द्वारा बाइक सवारों को टक्कर मारने की सूचना देने के लिए मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने डायल 100 को कई बार फोन किया, लेकिन घंटी बजती रही, फोन रिसीव नहीं हुआ। जिससे चालक वाहन समेत फरार हो गया।