सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज में बिलखते परिजन। -संवाद
फखरपुर। लखनऊ–बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर मदन कोठी चौराहे के पास दो तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है।
सुरजना खुर्द गांव निवासी दंपती नरेंद्र (35) और उनकी पत्नी सोनी (30) बाइक से सोमवार सुबह जिला मुख्यालय गए थे। वहां से लौटते समय दोपहर में मदन कोठी चौराहे के पास सामने से आ रहे खालिदपुर निवासी अजमत (21) की बाइक से टक्कर हो गई।
अजमत के साथ मंझारा तौकली कैसरगंज निवासी अनीश (20) भी थे। हादसे में दोनों बाइक पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलवाकर सभी को तुरंत मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां नरेंद्र ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उनकी पत्नी सोनी की हालत गंभीर बताई गई है, अन्य दोनों युवकों का भी इलाज चल रहा है। फखरपुर थाना प्रभारी संजीव सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई। मामले की जांच की जा रही है।