तेजवापुर/जरवल। सड़क हादसों में एक युवक की रामगांव क्षेत्र में भारी वाहन की टक्कर से कुचलकर मौत हो गई, जबकि जरवलरोड क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। उस पर सवार दो युवक घायल हुए हैं। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरिया गांव निवासी अखिलेश कुमार उर्फ सोनू (21) पुत्र सुरेश बाजपेई, पारिवारिक कार्य से शुक्रवार रात नौतला गांव होते हुए जिला मुख्यालय जा रहा था।
जब वह रामगांव थाना क्षेत्र में नौतला चौराहे के पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। अखिलेश गिर पड़ा और गाड़ी उसे रौंदते हुए निकल गई। चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े। अखिलेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन यहां इलाज शुरू होते ही उसने दम तोड़ दिया।
उधर, जरवलरोड थाना क्षेत्र के मोहल्ला चौक निवासी भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य सौरभ कसौंधन (25) अपने सहयोगी राजा कसौंधन (21) के साथ सुबह बाइक से महादेवा रामनगर गए थे।
दोपहर में लौटते समय बहराइच-लखनऊ मार्ग पर घाघराघाट पुल के पास बाइक का अगला टायर दग गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया है।