अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां तीन की हालत नाजुक है।
फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवारा गांव निवासी नागेंद्र कुमार शुक्ला (27) बुधवार की रात साथी अमृत लाल (28) के साथ फखरपुर बाजार से दवा खरीदकर गांव लौट रहा था। नागेंद्र बाइक चला रहा था, जबकि अमृतलाल पीछे बैैठा था।
बहराइच-लखनऊ मार्ग पर विद्युत उपकेंद्र के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने नागेंद्र की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अमृत लाल गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि नागेंद्र चोटिल हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमृतलाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंरी गांव निवासी अनिल कुमार (28) व रुस्तम (36) गुरुवार सुबह इकौना जा रहे थे। गिलौला बाजार के समीप तिलकपुर गांव के पास अचानक अनिल बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। इससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इन्हें जिला अस्पताल लाया गया है। हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, कोतवाली देेेहात क्षेत्र अंतर्गत घसियारीपुरा मोहल्ला निवासी अंकुर श्रीवास्तव (18) गुरुवार की दोपहर बाइक से बाजार गया था। लौटते समय अस्पताल चौराहे के पास अंकुर की बाइक की भिड़ंत दूसरी बाइक से हो गई। इससे अंकुर घायल हुआ है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।