फखरपुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत परसेंडी के पूर्व ग्राम प्रधान बाइक से बुधवार को बेदौरा चौराहा अपने आवास जा रहे थे। सुबह एक बेकाबू कार ने बाइक सवार को रौंद दिया। परिवार के लोग घायल को मेडिकल कालेज ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
फखरपुर थाना अंतर्गत परसेंडी के नियामतपुर गांव निवासी ओमप्रकाश वर्मा (45) पुत्र प्रताप नारायण वर्मा पूर्व ग्राम प्रधान थे। ओमप्रकाश का मकान बेदौरा चौराहा के निकट भी बना हुआ है। बुधवार सुबह नौ बजे के आसपास ओमप्रकाश बाइक से अपने दूसरे घर जा रहे थे।
लखनऊ-बहराइच मार्ग पर पहुंचते ही बहराइच की ओर से लखनऊ जा रही कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से पूर्व प्रधान को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। एसओ का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।