जरवलरोड। ग्राम तपेसिपाह के मजरा गुलामपुरवा में कुछ लोगों पर प्रलोभन देकर ग्रामीणों का धर्मांतरण कराने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर और भोले-भाले लोगों को बहलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मामले को लेकर गांव में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
गुलामपुरवा निवासी रामकुमार दास ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव में कुछ लोगों की ओर से धर्मांतरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। आरोप है कि ग्रामीणों को रुपये समेत अन्य प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
रामकुमार दास ने धर्मांतरण कराने के आरोप में राधेश्याम गुप्ता, दिनेश यादव और रामवृक्ष को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रामवृक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी ग्रामीण कर चुके हैं थाने का घेराव
क्षेत्र में धर्मांतरण के आरोप का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2023 में भी ग्रामीणों ने प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने की शिकायत पुलिस से की थी। ग्रामीणों का आरोप था कि कुछ लोग बाहर से आकर एक व्यक्ति के घर में ईसाई धर्म से जुड़ी प्रार्थना सभा कराते हैं। उस समय सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन की सूचना पर तत्कालीन नायब तहसीलदार जरवल विजय कुमार मौके पर पहुंचे थे और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद गतिविधियां लगातार जारी है।