बहराइच (ब्यूरो)। थैलिया गांव में सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से एक ग्रामीण के फूस के घर में आग लग गई। संपत्ति बचाने में एक वृद्ध की जलकर मौत हो गई। लपटों ने पड़ोसी के घर को भी आगोश में ले लिया। दोनों घरों की एक लाख की संपत्ति राख हो गई है।
खैरीघाट के थैलिया गांव निवासी मनीराम के घर में सोमवार देर रात अचानक आग लग गई। आग फैलने पर घर वालों की नींद खुली तो चीख-पुकार मच गई। इसी बीच संपत्ति बचाने के प्रयास में मनीराम के बाबा बुधई (80) लपटों से घिर गए।
किसी तरह ग्रामीणों ने बुधई को आग की लपटों से बाहर निकाला, फिर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, लपटों ने मनीराम के पड़ोसी गनेश के घर को भी आगोश में ले लिया। रात में ही थाने पर सूचना दी गई लेकिन दमकल नहीं पहुंचा। गांव के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना तहसील को दी गई है।