बहराइच के राजापुर कला गांव में बुजुर्ग की हत्या के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जमा परिवारीजन।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मोतीपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कला गांव में गुरुवार देर शाम रंजिश को लेकर चार लोगों ने एक वृद्ध की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कला गांव निवासी दर्शन गुप्ता (67) पुत्र रामनाथ की गांव के ही पेशकार से रंजिश चल रही है। दोनोें पक्षों में कुछ दिन पूर्व मारपीट भी हो गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले को लेकर गुरुवार देर शाम दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
इसी बीच गांव निवासी मंगरू, पेशकार, ब्रह्मा और दुलारे मौके पर पहुंचे और दर्शन गुप्ता की लाठियों से जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिवारीजनों ने दर्शन गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के बेटे बदलू ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि दर्शन गुप्ता के बेटे बदलू की तहरीर पर चार लोगों को नामजद करते हुए गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी फरार हैं, जिनके गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
भाई से हुए विवाद का उठाया फायदा
दर्शन गुप्ता के भाई प्यारे गुप्ता का पारिवारिक विवाद बदलू की पत्नी से हुआ था। जिस मामले में मारपीट का केस प्यारे के लड़कों के खिलाफ दर्ज हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच फिर से विवाद हो गया। जिसका फायदा उठाते हुए गांव के ही कुछ लोगों ने रंजिश में वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद से गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।