मौसम का तल्ख तेवर बुजुर्गों की मौत का सबब बना हुआ है। तराई में अभी तक ठंड से चार मौत हो चुकी हैं। शनिवार को दीवानी न्यायालय से काम निपटाकर वापस लौटे नवाबगंज थाना क्षेत्र के पढ़ोहिया गांव निवासी एक वृद्ध की तेज कंपकंपी के बाद मौत हो गई। परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
नवाबगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंडोहिया निवासी अब्बास उर्फ घोसी (67) पुत्र कल्लू शनिवार को बहराइच के दीवानी कचहरी में काम से गया था। कचहरी से देर शाम ट्रेन से नानपारा रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां से टेम्पो पकड़कर वह घर के लिए जा रहा था। घर के लिए पैदल जाते समय उसकी हालत कुछ खराब हो गई।
घर पहुंचकर वह सीधे चारपाई पर गिर पड़ा। अचानक तबीयत खराब होने से परिवार के लोगों में अफरातफरी मच गई। तेज कंपकंपी के साथ वह रजाई में घुस गया था। अचानक ही उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने मौत की वजह ठंड बताई है। एसडीएम अमिताभ यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही थी।