बहराइच में स्थित उपायुक्त उद्योग कार्यालय।
- फोटो : बहराइच में स्थित उपायुक्त उद्योग कार्यालय।
बहराइच। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत आवेदन करने वाले युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। अब योजना में आवेदन करने वालों के फॉर्म बिना किसी ठोस कारण के निरस्त नहीं किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकार ने ऑनलाइन ट्रेनिंग को अनिवार्य कर दिया है, ताकि आवेदक पूरी जानकारी के साथ आवेदन कर सकें।
उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा ने बताया कि योजना के पोर्टल पर पंजीकरण करने के बाद आवेदक को 30 मिनट की एक रिकॉर्डेड वीडियो देखनी होगी। इस वीडियो में योजना से जुड़ी जरूरी जानकारी, बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया और व्यवसाय शुरू करने के तरीके समझाए जाएंगे। वीडियो देखने के बाद ही आवेदक आगे आवेदन कर सकेगा। उन्होंने बताया कि अब बैंकों को सीधे आवेदन खारिज करने की अनुमति नहीं होगी। अगर किसी आवेदन में कोई कमी पाई जाती है तो बैंक उसे वापस उपायुक्त उद्योग कार्यालय को भेजेंगे। इसके बाद संबंधित अधिकारी उस कमी को पूरा कराकर आवेदन दोबारा बैंक को भेजेंगे, जिससे आवेदकों को बेवजह परेशान न होना पड़े।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत 1900 लाभार्थियों का लक्ष्य रखा गया था, जिसके मुकाबले 6206 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1967 आवेदकों को ही ऋण मिल सका, जबकि बाकी आवेदन स्वीकृत नहीं हो पाए। वहीं इस वर्ष 2000 का लक्ष्य तय किया गया है। अब तक 1133 आवेदन मिले हैं, जिनमें 29 स्वीकृत हुए और 25 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है।