बहराइच। राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश की अधिसूचना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी शंभु कुमार ने जनपद बहराइच के त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। उप चुनाव के लिए 23 और 24 जनवरी को नामांकन व 27 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। तीन फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना का काम पांच फरवरी को ब्लॉक मुख्यालयों पर होगा।
जिले में पंचायत उपचुनाव के तहत ग्राम पंचायत सदस्य के 73, ग्राम प्रधान के चार तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य के पांच रिक्त पदों पर उप चुनाव कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार नामांकन पत्रों को 23 व 24 जनवरी को सुबह 10 से दोपहर चार बजे तक जमा किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 27 जनवरी को की जाएगी। नाम वापस लेने की कार्रवाई 28 जनवरी को सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक एवं इसी दिन चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जायेगा।
तीन फरवरी को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। पांच फरवरी को सुबह आठ बजे से मतों की गणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी अधिसूचना के अधीन निर्वाचन अधिकारी की ओर से अपने स्तर से 20 जनवरी को सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गई है।
निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी की ओर से चुनाव कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जायेगा तथा ग्राम पंचायत में मुनादी के माध्यम से सर्वसाधारण को इसकी सूचना दी जाएगी। समय सारिणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में भी कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन पत्रों को दाखिल करने, जांच करने, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर होगा। मतगणना ब्लॉक मुख्यालय पर की जाएगी।
यहां कराया जाएगा उप चुनाव
त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार विकास खंड फखरपुर के मझारा तौकली, महसी के चांदपारा, विशेश्वरगंज के दिगितपुरवा गांव और नवाबगंज के जमुनहा नौबस्ता में ग्राम प्रधान के रिक्त पदों के लिए चुनाव होगा। जबकि फखरपुर के ग्राम मलूकपुर, महसी के भगवानपुर, विशेश्वरगंज के बसनेरा, जरवल के खनेहटा व बलहा के ताजपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों के लिए भी उप चुनाव होगा।