जनपद में दूसरे चरण के तहत होने वाले निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही एक नवंबर से नामांकन का दौर शुरू हो जाएगा। सात नवंबर तक नामांकन किए जा सकेंगे। दूसरे चरण के लिए 26 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नामांकन स्थलों पर सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेटों के साथ ही पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
दूसरे चरण में जनपद बहराइच के नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अध्यक्ष तथा सदस्यों के चुनाव के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अजय दीप सिंह द्वारा मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों द्वारा एक नवंबर से 7 नवंबर तक सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है।
नाम निर्देशन पत्रों की जांच आठ नवंबर को सुबह 11:00 बजे से कार्य समाप्ति तक, 10 नवंबर को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक नाम वापसी तथा 11 नवंबर को सुबह 11:00 बजे से कार्य समाप्ति तक उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटन किया जायेगा। जबकि 26 नवंबर को सुबह 07:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक मतदान होगा। मतगणना एक दिसंबर को सुबह 08:00 बजे से कार्य समाप्ति तक की जायेगी।
उन्होंने बताया कि समस्त निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित क्षेत्र की सार्वजनिक सूचना एक नवंबर को जारी करेंगे। नगरपालिका परिषद बहराइच के लिए कलेक्ट्रेट में डीएम समेत अन्य कोर्टों पर नामांकन होगा। जबकि रिसिया में अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए सदर तहसील में नामांकन किए जाएंगे।
जरवल का नामांकन कैसरगंज तहसील और नानपारा का नामांकन तहसील परिसर नानपारा में होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नगरीय निकाय के समस्त आरओ, एआरओ तथा समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार करेंगे। समय सारणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश में भी कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उधर, श्रावस्ती के नगर पालिका परिषद भिनगा व नगर पंचायत इकौना में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए 26 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। नामांकन के लिए सात नवंबर शाम तीन बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
नगर पालिका परिषद भिनगा व नगर पंचायत इकौना में अध्यक्ष व सभासद पद पर होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय दीपक मीणा द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी अधिसूचना के तहत बुधवार से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि सात नवंबर शाम तीन बजे तक निर्धारित किया गया है। नाम निर्देशन पत्रों की जांच आठ नवंबर सुबह 11 बजे से किया जाएगा। नाम वापसी के लिए दस नवंबर सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। प्रतीक चिह्नों का आवंटन 11 नवंबर को सुबह 11 बजे से किया जाएगा।
मतदान 26 नवंबर सुबह 7:30 बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा। जबकि मतों की गणना एक दिसंबर सुबह आठ बजे से होगी। नगर पालिका भिनगा में सदस्य व अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए संपन्न मतदान की मतगणना भिनगा तहसील में कराई जाएगी जबकि इकौना की मतगणना तहसील इकौना परिसर में होगी। इस दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिन भी सभी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।