शादी के लिए बैंक से रुपये न निकल पाने से परेशान दूल्हे ने बुधवार को सोहरवा स्थित स्टेट बैंक की शाखा के सामने धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे युवक ने बताया कि 16 दिसंबर को उसकी शादी है। 10 दिन से बैंक के चक्कर लगाने के बाद भी उसके बैंक से पैसे नहीं मिल पा रहे हैं। रामगांव थाना अंतर्गत ग्राम शहनवाजपुर निवासी गुलाम अशरफ पुत्र लियाकत का विवाह कुशीनगर में तय हुआ है। 16 दिसंबर को बारात जानी है। गुलाम अशरफ के खाते में 90 हजार रुपया सोहरवा के स्टेट बैंक शाखा में जमा है।
गुलाम अशरफ का कहना है कि वह शादी के लिए पैसे निकालने को 10 दिन से बैंक का चक्कर काट रहा है। कैश न होने की बात कहकर उसे वापस किया जा रहा है। बुधवार को भी वह पूरे दिन बैंक में रहा, लेकिन पैसा नहीं मिला। गुलाम अशरफ के साथ उसकी मां सबरुन्निसा और अन्य ग्रामीण भी धरने पर बैठे हैं।
गुलाम अशरफ का कहना है कि जब तक उसे धन नहीं मिलेगा तब तक धरना खत्म नहीं होगा। वहीं मामले में लीड बैंक प्रबंधक एसके झा ने बताया कि दूल्हे की ओर से बैंक के सामने धरना देने की जानकारी नहीं थी। अब पता चला है। बैंक प्रबंधक से बात करेंगे कि किन कारणों से भुगतान नहीं किया जा रहा। दूल्हे को उसका भुगतान मानक के अनुरूप दिलाया जाएगा।