बहराइच। दीवानी न्यायालय परिसर स्थित कोर्ट से बृहस्पतिवार को भागे आरोपी का सुराग दूसरे दिन भी नहीं लग सका। पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश में जुटी रहीं। वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
एनडीपीएस एक्ट में निरुद्ध टेक बहादुर नेपाली (28) निवासी वार्ड नंबर चार को पुलिस ने बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया था। पुलिस कर्मियों द्वारा आवश्यक प्रपत्र तैयार करने के दौरान आरोपी कठघरे से कूदकर भाग गया था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। शुक्रवार को दूसरे दिन भी विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। एसपी ने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसपी ने बताया कि आरोपी को तलाश करने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।