विकास भवन में धरने पर बैठे ग्राम पंचायत हेमरिया के प्रशासक व अन्य।
बौंडी। विकासखंड तेजवापुर की ग्राम पंचायत हेमरिया में कई माह से सफाईकर्मियों के पद रिक्त होने और शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने से नाराज ग्राम प्रशासक ने मंगलवार को विकास भवन परिसर में धरना शुरू कर दिया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सफाईकर्मियों की तैनाती की मांग की। ग्राम प्रशासक ने बताया कि ग्राम पंचायत में 24 मजरे हैं। यहां पहले दो सफाईकर्मी तैनात थे।
आरोप है कि सहायक विकास अधिकारी तेजवापुर ने जिला पंचायतराज अधिकारी के अनुमोदन के बिना दोनों का दूसरी ग्राम पंचायतों में स्थानांतरण कर दिया। इसके बाद से पद रिक्त हैं। सफाईकर्मियों के अभाव में पंचायत भवन, आरआरसी सेंटर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय और नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। गांव में जगह-जगह गंदगी है। तैनाती के लिए कई बार अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिए गए, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज ग्राम प्रशासक ने धरना शुरू किया।