जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित होकर भर्ती 23 रोगियों का सोमवार को परीक्षण हुआ। उनमें नौ पीड़ितों को डेंगू से ग्रसित पाया गया है। डेंगू पीड़ितों में तीन रोगियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। नौ रोगियों के मिलने से अस्पताल प्रशासन सकते में है। जांच में पुष्टि के बाद रोगी भी दहशत में हैं।
तराई में डेंगू हफ्तों से पैर पसारे है। जिले में प्रतिदिन डेंगू के रोगी मिल रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती हुए बुखार के 23 रोगियों का परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि परीक्षण में नौ रोगी रैपिड औैर एलायजा टेस्ट पॉजिटिव पाये गये हैं।
इनमें गुलाम अलीपुरा निवासी सरोजिनी देवी (30), सलारगंज निवासी राममिलन (18), नंदवल निवासी शिव प्रसाद (30), डिगिहा निवासी राकेश (35), शैलेंद्र (20), सखैयापुरा निवासी समां परवीन (27), जोशियापुरा निवासी जयंती (25), रामपुर पैंड़ा निवासी विनोद (52) व काजीपुरा निवासी अनन्या (11) शामिल हैं।
अनन्या, शैलेंद्र व सरोजिनी की हालत नाजुक बताई जा रही है। डेंगू के नौ रोगियों के मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति है। मुख्य चिकित्साधीक्षक का कहना है कि रोगियों का उपचार शुरू कर दिया गया है। हालांकि भर्ती रोगी डेंगू की पुष्टि के बाद दहशत में हैं।