बहराइच। तहसील के महाराजगंज स्थित सरयू नहर की इमामगंज शाखा के रेग्युलेटर गेट के पास नौ गोवंश मृत हालत में मिले। कई दिनों से गोवंशों के शव पड़े होने के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी। इससे परेशान ग्रामीणों ने मामले की सूचना खंड विकास अधिकारी महसी को दी। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने मृत गोवंशों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर शवों को दफना दिया गया।
बीडीओ महसी प्रतीक सिंह पशु चिकित्सक डॉ. राम सजन और उनकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने रेग्युलेटर गेट से सभी नौ मृत गोवंशों को बाहर निकलवाया। पशु चिकित्सकों ने गोवंशों का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत जेसीबी की सहायता से गड्ढा खोदकर शवों को दफन कराया गया।
बीडीओ प्रतीक सिंह ने बताया कि यह जांच कराई जाएगी कि मृत गोवंश रेग्युलेटर गेट तक कैसे पहुंचे। मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में क्षेत्र की किसी सरकारी या निजी गोशाला की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।