रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा पर बृहस्पतिवार देर शाम एसएसबी और रुपईडीहा पुलिस टीम ने एक नेपाली तस्कर को 1 किलो 126 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 30 जुलाई की देर शाम रुपईडीहा पुलिस और 42वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपालगंज रेलवे स्टेशन से नेपाल सीमा की ओर जाने वाले मार्ग पर सीमा स्तंभ संख्या 651/2 के पास संदिग्ध हालत में मिले नेपाल जिला जाजरकोट के जुनीचांदे गांव पालिका वार्ड संख्या छह निवासी बहादुर शाही को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 1.126 किलो चरस, एक मोबाइल फोन और 1200 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह चरस की खेप को कहां ले जाने की तैयारी में था। उसके संभावित नेटवर्क की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है।
सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी
एसपी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त जांच व गश्त बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और तस्करी में शामिल नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।