रुपईडीहा में दुकान पर सर्वे करती टीम। -संवाद
रुपईडीहा। सीमावर्ती कस्बे के मुख्य बाजार में राष्ट्रीय स्तर का आर्थिक सर्वेक्षण अभियान शुरू हो गया है। सर्वेक्षण से जुड़ीं अधिकृत टीमें बाजार की छोटी-बड़ी सभी दुकानों पर पहुंचकर व्यापार और रोजगार से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र कर रही हैं। सुबह से ही सर्वेयरों की टीम बाजार में सक्रिय दिखी, जिससे दुकानदारों में हलचल रही।
सर्वे टीम ने किराना, कपड़ा, हार्डवेयर, मोबाइल, सब्जी, मेडिकल स्टोर, होटल-ढाबों से लेकर फड़ और रेहड़ी लगाने वाले छोटे व्यापारियों तक से संपर्क किया। दुकानदारों से उनके कारोबार की प्रकृति, अनुमानित टर्नओवर, कर्मचारियों की संख्या, कार्य के घंटे और अन्य बुनियादी जानकारियां ली जा रही हैं।
सर्वे टीम के सदस्यों के हाथों में मोबाइल डिवाइस और रजिस्टर दिखाई दिए, जिनमें वे दुकानदारों द्वारा दी गई जानकारी तुरंत दर्ज कर रहे थे। कई स्थानों पर टीम ने स्पष्ट किया कि यह सर्वेक्षण भारत सरकार के सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए है और दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।