नासा में सम्मानित की गईं इशिता त्रिवेदी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। शहर के मोहल्ला हनुमानपुरी कॉलोनी निवासी इशिता त्रिवेदी ने अमेरिका में देश का नाम रोशन किया है। इशिता ने अमेरिका के प्रसिद्ध प्रांत नार्ककोरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी कालेज आफ इंजीनियरिंग से पीएचडी की उपाधि हासिल की है। उन्होंने लीड कूल्ड फास्ट रिएक्शन (न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी) में शोध किया है। मालूम हो कि इशिता के पिता संयुक्त राष्ट्र संघ में रीजनल मैनेजर एशिया एंड पेसफिक के पद पर तैनात हैं।
शहर के मोहल्ला हनुमानपुरी कालोनी निवासी इशिता त्रिवेदी पुत्री राम त्रिवेदी 10 वर्षों से अमेरिका में पढ़ाई कर रही हैं। प्रतिभा को देखते हुए अमेरिका की नासा की नेशनल लेबोरट्री और राज्य यूनिवर्सिटी द्वारा इशिता को वर्ष 2020 के लिए डॉक्टरल स्कॉलर आफ द इयर के पुरस्कार से नवाजा है। यह सम्मान अमेरिका के सभी इंजीनियरों में सबसे प्रतिभाशली छात्रों को दिया जाता है।
यूनिवर्सिटी के शोध अध्यक्ष डॉ. जेसन हो ने अपने ट्विटर एकाउंट पर इशिता के समर्पित छात्र होने के साथ प्रतिभा को सराहा है। प्रतिभा को देखते हुए नासा के राष्ट्रीय प्रयोगशाला में रिसर्च के लिए उनका चयन किया गया है। इशिता ने फोन पर अपनी सफलता का श्रेय शोध प्रबंध अध्यक्ष डॉ. जेसन हो व पिता राम त्रिवेदी व मां सुधा त्रिवेदी को दिया है। इशिता के मामा एसजे मिश्रा ने बताया कि यह जिले के साथ देश के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।