बिछिया। अगस्त माह में आई बाढ़ के चलते बंद हुई नानपारा–मैलानी रेल खंड पर अब ट्रेनों का संचालन जल्द शुरू होने जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने नवंबर के दूसरे सप्ताह से दो अप और दो डाउन पैसेंजर ट्रेनों को फिर से चलाने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिला मुख्यालय से लखीमपुर खीरी तक फिलहाल कोई सीधी रेल या परिवहन सुविधा नहीं है। यात्रियों को नानपारा से ही ट्रेन या बस पकड़नी पड़ती है। बाढ़ के दौरान लखीमपुर के भीरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे इस खंड पर रेल संचालन रोकना पड़ा था।
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ट्रैक की मरम्मत पूरी होने के बाद अब रेलवे सुरक्षा निरीक्षण दल द्वारा अंतिम परीक्षण किया जा रहा है। अनुमति मिलते ही ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया जाएगा।
रेल सेवा शुरू होने से जिले के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। नानपारा, मिहींपुरवा, जरवल और आस-पास के कस्बों के लोग कम खर्च में लखीमपुर और सीतापुर जैसे जिलों की यात्रा कर सकेंगे।