बहराइच शहर में शुक्रवार को पानी का पाउच खरीदकर गला तर करते धूप में निकले बच्चे
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बहराइच। तराई में मौसम का मिजाज फिर सख्त होने लगा है। शुक्रवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिसके चलते स्कूल से घर लौटने वाले बच्चों को झुलसन का सामना करना पड़ा। लोग चिलचिलाती धूप से बचने की जुगत करते दिखे।
बदली व बूंदाबांदी के बाद अब फिर सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार की सुबह चिलचिलाती धूप के साथ हुई। दोपहर में घर से निकलना मुश्किल हो रहा था। स्कूल में छुट्टी होने पर नन्हें-मुन्ने बच्चे घर लौटते समय पसीने से तर रहे।
कोई पानी का पाउच तो कोई आइसक्रीम से अपनी प्यास बुझाते हुए घ्र पहुंचा। इसके घर से निकलने वाले अन्य लेाग भी सूरज की किरणों से बचने के लिए अपने शरीर को ढके रहे।
फसल अनुसंधान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. एमवी सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद गर्मी से इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तापमान में और बढ़ोत्तरी होने के संकेत मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेटेलाइट से जो तापमान की स्थिति दिख रही है, उसके तहत आगामी सप्ताह से लोगों को रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में खेतों में खड़ी खरीफ की फसल की नियमित सिंचाई करते रहें।