श्रावस्ती। भिनगा-चिल्हरिया मार्ग पर जंगल स्थित अंटा तिराहे के पास बृहस्पतिवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिरसिया क्षेत्र के बदलपुर गांव निवासी संतोष कुमार तिवारी (28) बृहस्पतिवार शाम भिनगा से अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। भिनगा-चिल्हरिया मार्ग पर अंटा तिराहे के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के चचेरे भाई अभय तिवारी ने बताया कि संतोष ने हेलमेट नहीं पहना था। सीओ आलोक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।