चित्तौरा/धरसवां (बहराइच)। बेटे के साथ बाइक पर जा रहीं ग्राम पंचायत शुकुलपुरवा सरवनतारा निवासी राधा देवी (52) को बुधवार सुबह पीछे से दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में राधा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
श्रावस्ती जिले की ग्राम पंचायत सरवनतारा के मजरा शुकुलपुरवा निवासी अंकित ने बताया कि उनकी मामी की तबीयत खराब है और मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। बुधवार की सुबह वह अपनी मां राधा देवी को लेकर मामी का हालचाल जानने के लिए मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। इस दौरान कोतवाल देहात क्षेत्र में दोनक्का तिराहे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से उनकी मां राधा देवी सड़क पर पीछे गिर गईं। हादसे में उनके सिर मेंं गंभीर चोट आई और खून की उल्टी हुई। एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से भाग गया। कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सड़क हादसे में तीन लोग घायल, दो लखनऊ रेफर
हुजूरपुर(बहराइच)। कैसरगंज-हुजूरपुर मार्ग पर मंगलवार की देर रात दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच ले जाया गया, जहां दो की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
ग्राम पंचायत बसंतपुर निवासी अमरेश सिंह (25) किसी कार्य से लखनऊ गए थे। वहां से मंगलवार की रात बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान हुजूरपुर-कैसरगंज मार्ग पर बैसनपुरवा के सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार हुजूरपुर निवासी सूरज (18) व पवन कुमार (20) से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा। वहां अमरेश व सूरज की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
हादसे में घायल सुद्धू ने लखनऊ में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बहराइच। हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्राम पंचायत उम्मरपुर निवासी सुद्धू (42) ने मंगलवार को लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची हरदी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हरदी क्षेत्र के उम्मरपुर निवासी सुद्धू 10 जुलाई को बाइक से बलवापुर बाजार जा रहे थे। इस दौरान बलवापुर मार्ग पर अंबेडकरनगर के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुद्धू को परिजनोंं ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। सुद्धू के भाई ननकू ने बताया कि बेहतर इलाज की उम्मीद में वह सभी सुद्धू को लेकर लखनऊ के निजी अस्पताल गए। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को सुद्धू की मौत हो गई। वह शव लेकर गांव आए और पुलिस को सूचना दी।