शिवपुर। बहराइच वन प्रभाग की नानपारा रेंज को वन्यजीवों की मौजूदगी के लिहाज से संवेदनशील मानते हुए विभाग ने निगरानी व रेस्क्यू अभियान तेज किया है। प्रभावित गांवों में पांच जगह पिंजरे लगाए गए हैं, जबकि 10 कैमरा ट्रैप के जरिये वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग की चार टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में दिन-रात गश्त कर रही हैं।
वन क्षेत्राधिकारी पियूष गुप्ता के अनुसार, ग्रामसभा बौंडी, सैय्यद नगर, जूड़ा, रामपुर धोबियाहार व नेवादा समेत अति संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निगरानी की जा रही है। प्रभावित ग्राम जूड़ा, शेखनपुरवा, गौढ़िया, पिपरिया और नेवादा में पांच पिंजरे लगाए गए हैं। कैमरा ट्रैप से वन्यजीवों की मौजूदगी का पता लगाने के साथ रेस्क्यू की कार्रवाई की जा रही है।
रेंजर के मुताबिक नानपारा रेंज में पिछले वर्ष आबादी क्षेत्र में पहुंचे चार तेंदुओं को पिंजरे में रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा गया था। वन्यजीवों के हमले से बचाव के लिए पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं। लाउडस्पीकर व जनसभाओं के साथ घर-घर जाकर ग्रामीणों को भी सतर्क किया जा रहा है। चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दीवारों पर जागरूकता संदेश लिखे गए हैं।