बहराइच। मटेरा विधायक ने रविवार को स्थानीय उपकेंद्र के शंकरपुर फीडर से ग्राम भवनियापुर, रामगढ़ी समेत अन्य गांवों में बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने विद्युत वितरण खंड के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
पत्र के जरिये विधायक मारिया शाह ने बताया कि संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति 15 किमी दूर के फीडर से की जा रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को बार-बार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज तथा अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे आमजन, किसान, छात्र-छात्राओं एवं व्यापारियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
विधायक ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नानपारा विद्युत उपकेंद्र के सिधौरा फीडर से आपूर्ति संचालित किए जाने की तकनीकी परीक्षण प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए। आवश्यक सर्वे एवं नियमानुसार कार्यवाही कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता से क्षेत्रवासियों को सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है।