बहराइच। सोशल मीडिया पर कैसरगंज के भाजपा सांसद प्रतिनिधि के खिलाफ भ्रामक और भड़काऊ वीडियो पोस्ट किए जाने के मामले में एक भाजपा कार्यकर्ता ने कोतवाली देहात में केस दर्ज कराया है। आरोपी गोंडा जिले का निवासी बताया जा रहा है।
लहरौरा गांव निवासी विश्वनाथ ने कोतवाली देहात में तहरीर दी है कि गोंडा जिले के धर्मपुर थाना कौड़िया निवासी राजेश सिंह चौहान ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रतिनिधि कैसरगंज सुनील सिंह के खिलाफ झूठे और अपमानजनक आरोप लगाए गए हैं।
वीडियो का लिंक भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तहरीर में कहा गया है कि राजेश सिंह ने वीडियो में पाकिस्तान से फंडिंग का झूठा दावा किया है, इससे यह राष्ट्रविरोधी बयान बनता है। भाजपा कार्यकर्ता विश्वनाथ ने बताया कि वीडियो का उद्देश्य सुनील सिंह समेत पूरी पार्टी की छवि धूमिल करना है।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने आरोपी से इस संबंध में बात की तो उसने मोबाइल पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामला गैर जनपद गोंडा से जुड़ा है, ऐसे में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।