फखरपुर में बदमाशों की गोली से घायल प्रिंस मिश्रा।
फखरपुर। गजाधरपुर के निकट अजीजपुर स्थित धर्मकांटे पर शुक्रवार रात लूट के इरादे से पहुंचे बदमाशों ने वहां सो रहे युवक को डंडों से पीटा और विरोध करने पर फायरिंग कर दी। बाएं हाथ में गोली लगने से युवक जख्मी हो गया। उसे पहुंचे दूसरे युवक को भी बदमाशों ने पीटा। हालांकि, इस दौरान शोरगुल मचने पर बदमाश मौके से भाग निकले। गोली लगने से घायल युवक को सीएचसी फखरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
अरई कला गांव निवासी राजेश पाठक ने गजाधरपुर के पास करीब तीन माह पूर्व धर्मकांटा लगवाया था। यहां लकड़ियों की खरीद की जाती है। इसके साथ ही वाहनों की तौल भी होती है। शुक्रवार रात धर्मकांटे पर तैनात कर्मचारी प्रिंस निवासी ढोडहस, कोतवाली देहात, गोंडा और राजेश पाठक के छोटे पुत्र वेदप्रकाश अलग-अलग कमरों में सो रहे थे।
देर रात करीब आठ बदमाश धर्मकांटे पर लूट के उद्देश्य से पहुंचे। उन्होंने प्रिंस को कमरे से बाहर बुलाकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। प्रिंस ने विरोध किया तो एक हमलावर ने फायरिंग कर दी। बाएं हाथ में गोली लगने से प्रिंस लहूलुहान हो गए। फायरिंग और शोर सुनकर वेदप्रकाश कमरे से बाहर निकले और बीचबचाव का प्रयास किया। इस पर हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी और धमकी देकर असलहे लहराते हुए वहां से भाग गए।
घायल प्रिंस को सीएचसी फखरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ कैसरगंज डीके श्रीवास्तव, एसओ कैसरगंज राजकुमार पांडेय, एसओ फखरपुर राजकुमार राजभर और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के माध्यम से जांच शुरू कर दी है। सीओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लूट में नाकाम रहे बदमाश
एसओ फखरपुर राजकुमार राजभर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बदमाश धर्मकांटे पर लूटपाट के इरादे से पहुंचे थे। हालांकि, विरोध और शोरगुल के चलते वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और मौके से भाग गए। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ले रही है।