बहराइच के मेडिकल कालेज में सोमवार को ओपीडी खुलने के बाद पर्चा बनवाने के लिए लगी लाइन।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। छह माह से बंद मेडिकल कॉलेज की ओपीडी का संचालन सोमवार से शुरू हो गया। ओपीडी कमरे के बाहर वार्ड ब्यॉय की तैनाती की रही। इस दौरान वार्ड ब्यॉय ने मरीजों की कोरोना की जांच की। बड़ी संख्या में मरीज मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों को दिखाने के लिए पहुंचे। हालांकि बिना मास्क के मरीजों को प्रवेश नहीं दिया गया। सैनिटाइज और तापमान मापने के बाद ही मरीजों को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिया गया। चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर दवाइयां लिखीं।
जिला मुख्यालय स्थित स्व शासी राज्य मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल पुरुष व महिला में ओपीडी का संचालन 24 मार्च से ठप था। इससे साधारण मरीजों की ओपीडी नहीं हो पा रही थी। मरीजों को सिर्फ फोन पर सलाह दी जा रही थी। शासन ने 24 सितंबर से मेडिकल कॉलेज की ओपीडी संचालित करने के निर्देश दिए थे। लेकिन व्यवस्था दुरुस्त न होने से ओपीडी का संचालन नहीं हो सका था। सोमवार से ओपीडी का संचालन शुरू हुआ। लगभग छह बाद बाद ओपीडी संचालन की जानकारी मिलने पर मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि चिकित्सकों ने सोशल डिस्टेंस के तहत मरीज देखे। इसके बाद उन्हें दवा लिखी।
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि ओपीडी का संचालन सोमवार सुबह आठ बजे से ही शुरू हो गया। बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। सभी की चिकित्सकों ने जांच के बाद दवा लिखी। सीएमएस ने बताया कि चिकित्सकों के पास पहुंचने वाले मरीजों को सैनिटाइज और फीवर ट्रैकिंग के बाद प्रवेश दिया गया। इससे मरीजों के साथ चिकित्सकों में संक्रमण की जानकारी मिल सकेगी। वहीं कोरोना संक्रमण के फैलने से मरीजों व उनके तीमारदारों को भी बचाया जा सकेगा। दोपहर दो बजे तक ओपीडी का संचालन पूर्व की भांति चलता रहा। हालांकि नई व्यवस्था के बीच अफरातफरी का माहौल भी दिखा। तीमारदारों व मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोशल डिस्टेंसिंग के तहत ही देखे जा रहे मरीज
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. डीके सिंह ने बताया कि चिकित्सकों के कमरे के बाहर वार्ड ब्यॉय की तैनाती की गई है। चिकित्सकों के कमरे में प्रवेश से पूर्व मरीजों की जांच हो रही है। इसके बाद ही चिकित्सकों के रूम में प्रवेश दिया जा रहा है। सोशल डिस्टेंस के तहत ही मरीज देखे जा रहे हैं।
दवा वितरण व पर्ची काउंटर पर लगी भीड़
करीब छह माह बाद मेडिकल कॉलेज में आम लोगों के लिए ओपीडी का संचालन शुरू हुआ। ऐसे में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मरीज मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दवा वितरण काउंटर व पर्ची काउंटर के पास मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जुटी रही। भीड़ को संभालने के लिए पीआरडी और होमगार्ड जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।