महसी तहसील के छत्तरपुर और बिसवां गांव में खसरा फैल गया है। गांवों में 16 बच्चे और किशोर बीमार हैं। सूचना के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर नहीं पहुंची हैं। खसरे से पीड़ित तीन बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है। तराई में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच खसरा बीमारी का सबब बना हुआ है।
महसी तहसील अंतर्गत बिसवां और छत्तरपुरवा गांव में चार दिन से खसरे का प्रकोप है। बिसवां निवासी मालिक (17), नदीम (14), सिद्धू (2), लव (5), कुश (3), काजल (एक), पार्वती (12), छत्तरपुर निवासी अलका पाल (6), शिवा (13), राजू (4) समेत 16 बच्चे और किशोर खसरे की चपेट में हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक तेज बुखार के साथ शरीर पर दाने निकलते हैं। फिर 24 घंटे में दाने जख्म बन जाते हैं। इसके कारण असहनीय पीड़ा से खसरा पीड़ित कराहने को मजबूर हैं। गांव निवासी राजेंद्र, राधेश्याम, बदलू आदि ने बताया कि तीन दिन से लगातार स्वास्थ्य केंद्र और सीएमओ कार्यालय को फोन कर रहे हैं।