बहराइच। ग्राम पंचायत रंकिनपुरवा के मजरा गुजरा निवासी सितारुन निशा (22) की मौत शुक्रवार को संदिग्ध हालात में हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने पिटाई व हत्या करके शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोंडा जिले के कटरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कंधईपुरवा पूरे संगम निवासी मो. असलम ने बताया कि उनकी बहन सितारुन निशा का निकाह आठ साल पहले विशेश्वरगंज के रंकिनपुरवा के गुजरा निवासी मो. आजाद के साथ हुआ था। आरोप लगाया कि मो. आजाद नशे का आदी था और आए दिन शराब पीकर घर आता था।
जब सितारुन शराब पीने का विरोध करती थी, तो उसके साथ मारपीट करता था। 22 जुलाई को भी मो. आजाद ने सितारुन को जमकर पीटा था। सितारुन ने डॉयल 112 पर फोन कर पुलिस की मदद मांगी थी। पुलिस ने मामले में सुलह करवा दिया था।
इस बीच शुक्रवार को आजाद ने फोन कर बताया कि सितारुन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हम सभी पहुंचे तो सितारुन का शव चारपाई पर पड़ा था। शरीर पर चोट के निशान थे। मो. असलम ने आरोप लगाया कि आजाद ने सितारुन की हत्या की है।
मौके पर जांच की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-ज्ञान सिंह, थाना प्रभारी