फखरपुर (बहराइच)। धर्मापुर गांव निवासी एक विवाहिता की गुरुवार रात को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए विवाहिता की पिटाई करने तथा गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस केस दर्ज करने की बात कह रही है।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासी निवासी राम सिंह पुत्र सुखदेव ने शुक्रवार को फखरपुर थाने में तहरीर देकर कहा है कि उसने अपनी बहन बिट्टा देवी का विवाह पांच वर्ष पूर्व क्षेत्र के धर्मापुर गांव निवासी प्रमोद पुत्र वंशी के साथ किया था। विवाह के बाद से पति प्रमोद, ससुर वंशी तथा सास दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। एक पखवारे से दहेज की मांग को लेकर सभी बहन को अधिक प्रताड़ित कर रहे थे। गुरुवार रात को ससुरालीजनों ने बहन की पिटाई की और इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष अमित तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।