बहराइच। भारत-नेपाल सीमा के रुपईडीहा से गिरफ्तार देशद्रोह के मामले में वांछित अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों को पंजाब पुलिस तीन अगस्त को कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाब ले जाएगी। उसे चार अगस्त को मोगा जिले की बाघापुराना अदालत में पेश किया जाएगा।
मोगा निवासी मनवीर सिंह ढिल्लों और अजनाला थाने पर हमले के आरोपी विक्रमजीत सिंह को रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 23 जुलाई को गिरफ्तार किया था। विक्रमजीत को पंजाब पुलिस 27 जुलाई को वारंट-बी के आधार पर कड़ी सुरक्षा में पंजाब ले जा चुकी है और अब उसे वापस बहराइच लाने की तैयारी है।
उधर, मनवीर सिंह ढिल्लों के खिलाफ भी पंजाब पुलिस ने वारंट-बी प्राप्त कर लिया है। बाघापुराना न्यायालय ने 30 जुलाई को वारंट-बी जारी किया, जिसे ई-मेल के माध्यम से जिला कारागार प्रशासन को भेजा गया। इसके बाद पंजाब पुलिस ने वारंट-बी और संबंधित मुकदमे के अभिलेख प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) प्रिया राय की अदालत में प्रस्तुत किए।
अदालत ने अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद मनवीर सिंह ढिल्लों को पंजाब ले जाकर बाघापुराना न्यायालय में पेश करने की अनुमति दे दी। अनुमति मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने उसकी सुरक्षा व्यवस्था और ट्रांजिट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार, उसे तीन अगस्त को बहराइच से पंजाब रवाना किया जाएगा, जहां चार अगस्त को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।