रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल से युवती को शादी का झांसा देकर तमिलनाडु बेचने ले जा रहे मानव तस्कर को एसएसबी ने दबोच लिया। दोनों से पूछताछ करने पर मानव तस्करी का खुलासा हुआ। पकड़े गए मानव तस्कर को नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि युवती को एनजीओ के सुपुर्द कर घर पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा बॉर्डर पर आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। शनिवार को नेपाल की ओर से युवक व युवती आते हुए दिखाई पड़े। ड्यूटी पर मुस्तैद जवानों को शक होने पर दोनों को रोका गया और अलग-अलग पूछताछ की गई तो मामला मानव तस्करी से जुड़ा पाया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एक साल से युवती के साथ रह रहा है और उसे तमिलनाडु ले जाकर शादी करेगा। वहीं युवती से पूछताछ के दौरान पता चला कि वह युवक के साथ गोंडा जा रही है। 42 वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट शैलेष कुमार ने बताया कि पकड़े गए मानव तस्कर की पहचान शेर बहादुर निवासी ओवरी वार्ड संख्या आठ राप्ती सुनाटी गांव पालिका शमशेरगंज जिला बांके राष्ट्र नेपाल के रूप में हुई। कार्यवाहक कमांडेंट ने बताया कि मानव तस्करी को रोकने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध लगने पर तत्काल रोककर अलग-अलग पूछताछ करके पुष्टि की जाती है।