बहराइच। सीएमओ कार्यालय में स्थापित एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई की डीएम ने समीक्षा की। डीएम ने निर्देश दिया कि कारगर रणनीति तैयार कर अधिक से अधिक लोगों की सैंपलिंग कराई जाए। साथ ही मलिन बस्तियों, सामुदायिक शौचालयों के आसपास, शनिवार व रविवार को लखनऊ से आने जाने वाले लोगों की शत-प्रतिशत सैंपलिंग करायी जाय।
जिलाधिकारी शंभु कुमार ने आरटीपीसीआर, ट्रूनेट तथा एंटीजन से प्रतिदिन की जा रही जांच की संख्या आदि की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि कारगर रणनीति तैयार कर अधिक से अधिक लोगों की सैंपलिंग करायी जाय। उन्होंने कोविड-19 की जांच के लिए मशीनों एवं उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता मैनपावर आदि की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मानक के अनुसार सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जायं। कोविड-19 चिकित्सालयों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिस डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी लगायी जाय, यह भी सुनिश्चित किया जाय कि वह ड्यूटी अवधि में वार्ड में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे। मानक के अनुसार कोविड-19 अस्पतालों में डॉक्टर व स्टाफ की तैनाती की जाय।
डीएम ने निर्देश दिया कि ओपीडी शुरू करने के संबंध में शासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि ओपीडी की अपने स्तर से गहन समीक्षा भी करें। इस मौके पर सीडीओ कविता मीना, मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप कुमार यादव, प्राचार्य डॉ. अनिल के साहनी, मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. डीके सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयंत कुमार, डॉ. अजीत चंद्रा, डॉ. योगिता जैन आदि मौजूद रहे।