रेल यात्रियों को दिक्कतों को देखते हुए रेलवे ने मैलानी-बहराइच सवारी गाड़ी के समय में परिवर्तन किया है। सोमवार सुबह दस बजे ट्रेन बहराइच स्टेशन पहुंचेगी। मैलानी से चलने वाली 52258 ट्रेन पूर्व में दोपहर करीब 12 बजे बहराइच पहुंचती थी।
ऐसे में मिहींपुरवा, गायघाट, बिछिया, नानपारा आदि स्थानों से आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए बीते दिनों सांसद सावित्री बाई फुले ने डीआरएम आलोक सिंह को जनपद दौरे के समय पत्र सौंपा। इसके बाद रेलवे ने मैलानी-बहराइच सवारी गाड़ी के समय में परिवर्तन कर दिया है।
भोर 3:40 बजे मैलानी से रवाना होकर ट्रेन सुबह दस बजे बहराइच स्टेशन पहुंचेगी। यहां से सुबह 10:35 बजे मैलानी के लिए रवाना होगी। सांसद प्रतिनिधि हरिश्चंद्र गुप्ता ने बताया कि ट्रेन के समय में परिवर्तन से जिला मुख्यालय आने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।