बहराइच। महसी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 23.36 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे क्षेत्र में स्कूल, सड़क व तटबंध को बचाने की कवायद की जाएगी। यह कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए बजट का आवंटन किया जा चुका है।
महसी क्षेत्र बाढ़ ग्रस्त है। यहां अभी भी विकास की दरकार है। इसलिए क्षेत्र के विकास के लिए अलग पैकेज मिला है। इससे कल्याणपुर से एरिया-किसानगंज भगवानपुर से महसी-तहसील मार्ग की हालत को ठीक करने के लिए सड़क का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर कुल 3.79 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं तेजवापुर ब्लॉक क्षेत्र के बेड़नापुर में उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक का निर्माण किया जाएगा। इस पर 19.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, 32 लाख की लागत से बहराइच-सीतापुर राज्य मार्ग स्थित चहलारी घाट सेतु के पहुंच मार्ग व अपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम के गाइड बंध की विशेष मरम्मत की जाएगी। सभी कार्यों के लिए बजट का आवंटन किया जा चुका है। इस कार्य को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। इस संबंध में डीएम मोनिका रानी ने बताया कि जहां स्वीकृति मिल गई है वहां तत्काल कार्य कराने का आदेश दिया जा चुका है।