बहराइच। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए हादसों में लखनऊ निवासी युवक की मौत हो गई। वहीं एमआर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां एमआर की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ के मकाकगंज शिया पीजी कॉलेज के सामने रहने वाले मोहम्मद आकिब (40) बृहस्पतिवार को किसी कार्य से बहराइच आए थे। वहां से रात में वह घर लौट रहे थे। इस दौरान बहराइच-लखनऊ हाईवे पर कैसरगंज में टोल गेट के थोड़ा आगे उनकी कार दूध टैंकर से टकरा गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। हादसा करने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।
गंभीर घायल एमआर लखनऊ रेफर
नगर के मोहल्ला काजीपुरा निवासी अब्दुल हकीम खां (30) निजी कंपनी में एमआर हैं। शुक्रवार सुबह वह अपने मैनेजर लखनऊ निवासी बिजेंद्र सिंह (35) के साथ बाइक से नानपारा जा रहे थे। इस दौरान बहराइच-नानपारा हाईवे पर सोहरवा के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टकरा गई। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां अब्दुल हकीम की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
वहीं टिकोरा मोड के पास स्कूटी सवार चांदपुरा निवासी मुजम्मिल व मुफीद को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। चौकी प्रभारी हरिकेश सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।