लखनऊ-बहराइच मार्ग रविवार को धरना-प्रदर्शन के चलते एक-डेढ़ घंटे जाम रहा। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी हुई। यह जाम फखरपुर के ततेहरा कांड के आरोपियाें की गिरफ्तारी व पीड़ितों को न्याय देने की मांग को राष्ट्रीय उलमा काउंसिल के बैनर तले हुए प्रदर्शन से लगा।
मौके पर पहुंचे सीओ कैसरगंज व तहसीलदार ने किसी तरह जाम हटवाया तो वाहन निकल सके। फखरपुर क्षेत्र में गुम्माखांपुरवा ततेहरा व मेड़ीलालपुरवा में दुर्गा प्रतिमा विर्सजन के दौरान आगजनी व बवाल हो गया था। आग में एक मासूम बालिका जिंदा जल गई थी।
पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट तो लिखी लेकिन अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। पीड़ितों को मुआवजा भी नहीं मिला। इसी मुद्दे पर रविवार को राष्ट्रीय उलमा काउंसिल के मौलाना शाहिद नदवी, जिलाध्यक्ष मौलाना सरवर कासमी ततेहरा गांव के लोगों के साथ बहराइच-लखनऊ मार्ग स्थित फखरपुर कस्बा पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और न्याय की मांग की। प्रदर्शन से हाईवे जाम हो गया। लखनऊ और बहराइच जाने वाले वाहनों के पहिए थम गए। सड़क पर लंबीं कतारें लग गईं। एक-डेढ़ घंटे यातायात प्रभावित होने की सूचना पर सीओ कैसरगंज केके तथा तहसीलदार डॉ. उमाशंकर त्रिपाठी, एसओ छोटक यादव आदि वहां पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटवाया।