नानपारा/कैसरगंज (बहराइच)। सरकार की ओर से टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के लिए फास्टैग की नई व्यवस्था लागू की गई है। फास्टैग के लिए जिले के दो टोल प्लाजा पर बने हुए लेन को आरक्षित किया गया है। अव्यवस्था के चलते रविवार को पहले दिन टोल के आरक्षित लेन से गुजरने वाले वाहनों की घंटों कतार लगी रही। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, कुछ लोगों के रिचार्ज कम थे, जिस पर आरक्षित लेन से गुजरने के लिए उनको दोगुनी रकम चुकानी पड़ी।
जनपद में टोल प्लाजा नेशनल हाइवे पर स्थित है। बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर कैसरगंज के ऐनी अलहियापुर पर टोल प्लाजा बना हुआ है। रविवार से टोल प्लाजा पर नई व्यवस्था लागू कर दी गयी। जिसके तहत टोल प्लाजा के चार लेन को फास्टैग के लिए आरक्षित किया गया है, जिसमें दो लेन आने और दो लेन जाने वाले वाहनों के लिए आरक्षित हैं। वहीं मैनुअल के लिए एक अप और एक डाउन लेन को आरक्षित किया गया है।
अभियंता प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि फास्टैग कार्ड बनवाने वाले के रिचार्ज अगर कम होते हैं तो उसे ब्लैक लिस्टेड में डाल दिया जाता है। इसके बाद उस लेन से गुजरने वाले को दोगुना चार्ज देना पड़ता है। पहले दिन इस टोल से गुजरने वाले सात वाहन चालकों ने दोगुना पैसा दिया है।
वहीं नानपारा में स्थित टोल प्लाजा पर भी दो लेन अप और दो लेन डाउन फास्टैग के लिए आरक्षित की गयी हैं। एक अप और डाउन लेन को मैनुअल के लिए आरक्षित किया गया है। टोल प्लाजा के मैनेजर राकेश ने बताया कि पहले दिन 13 वाहनों ने ब्लैकलिस्टेड होने के कारण दोगुना पैसा दिया है। उधर, पहले दिन अव्यवस्था के चलते टोल प्लाजा पर वाहनों की घंटों कतारें लगी रहीं।
कैसरगंज में तीन व नानपारा में बनाए दो काउंटर
अभियंता प्रमोद यादव ने बताया कि कैसंरगंज टोल प्लाजा पर कार्ड बनाने के लिए तीन काउंटर बनाये गये हैं। यहां अभी तक 500 लोगों ने कार्ड बनवा लिया है। वहीं नानपारा में भी दो काउंटर बने हुए है। जिन पर कार्ड बनाने के साथ ही रिचार्ज भी कराया जा सकता है।
नि:शुल्क बनाये जाएंगे कार्ड
अभियंता प्रमोद यादव ने बताया कि पहले कार्ड बनाने के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित था। मगर सरकार के निर्देश पर अब नि:शुल्क कार्ड बनाया जा रहा है। आगे सरकार का निर्देश जैसा होगा, उसी के अनुसार कार्रवाई की जायेगी।