विकास खंड जरवल अंतर्गत ग्राम परसा में खराब ट्रांसफार्मर पखवारे भर से नहीं बदला जा रहा है। गांव की 1500 की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। ट्रांसफार्मर बदलने के लिए लाइनमैन रुपये मांग रहा है। इससे गुस्साए गांव के लोगों ने शनिवार को भाकियू नेताओं की अगुवाई में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम और एक्सईएन को पत्र भेजकर तीन दिन में समस्या का समाधान न होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विकासखंड जरवल के ग्राम परसा में 63 केबी का ट्रांसफार्मर लगा है। लेकिन यह ट्रांसफार्मर अधिक लोड और ट्रिपिंग के चलते पखवारे भर पूर्व जल गया था। तबसे अब तक प्रतिदिन गांव के लोग ट्रांसफार्मर बदलने के लिए पैरवी कर रहे हैं। लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा। गांव के समाजसेवी अनूप कुमार का कहना है। कि लाइनमैन मोबीन प्रति कनेक्शन रुपये मांग रहा है। नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी अशोक मिश्र अन्ना की अगुवाई में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ नारे लगाते हुए सभी ने दोषी कर्मियों को हटाने की भी मांग की। प्रदर्शन के बाद डीएम और एक्सईएन को पत्र भेजकर तीन दिन में समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकरियों में रोहित कुमार, दीप चौधरी, रामपाल, मो. असलम, अरुण कुमार, आरबी सिंह समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।