हादसे के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बहराइच
अहिरन कुट्टी गांव के पास मंगलवार को बिना शट डाउन लिए ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ रहा निजी लाइनमैन जिंदा जल गया। ग्रामीणों की सूचना पर विद्युत सप्लाई बंद होने के बाद शव निकाला गया।
कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अहिरन कुट्टी निवासी संतोष (23) पुत्र सूचित गौड़ लाइनमैन था। वह लोगों की शिकायत पर घरों में फॉल्ट सही कर देता था। विद्युत लाइन की खराबी भी बनाता था। मंगलवार सुबह गांव के बाहर स्थित ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ जाने से गांव की सप्लाई बाधित हो गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना संतोष को दी। उसने ग्रामीणों से शुल्क लिया, फिर विद्युत सप्लाई बिना बंद कराए ही ट्रांसफार्मर पर फ्यूज जोड़ने पहुंच गया। ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ते समय वह बिजली की चपेट में आ गया और जलने लगा। हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई।
सूचना उपकेंद्र मिहींपुरवा परवानीगौढ़ी को दी गई। विद्युत सप्लाई बंद होने के बाद ट्रांसफार्मर के तार में उलझे संतोष को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। सूचना पाकर मुर्तिहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता आरिफ अहमद का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। किसी निजी लाइनमैन को विद्युत विभाग के संयंत्रों से छेड़छाड़ का अधिकार नहीं है। फिर भी गलत तरीके से संतोष फ्यूज जोड़ने पहुंचा था, जिसके चलते हादसा हुआ है। वह विभागीय लाइनमैन नहीं है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।