तराई में बुधवार सुबह आठ बजे चली धूल भरी तेज आंधी के कारण करीब आधे घंटे तक अंधेरा छाया रहा। आंधी के बीच गरज चमक के साथ हुई मूसलाधार बरसात से जहां मक्का व जायद सहित आम की फसलों को नुकसान पहुंचा। वहीं, तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर व पोल सहित पेड़ व उनकी डालियां गिरने से जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। कई स्थानों पर मुख्य मार्ग पर पेड़ व डालियां गिरने से जहां आवागमन बाधित रहा। वहीं, जगह-जगह जलभराव से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
जिले में बुधवार सुबह आई तेज आंधी के साथ हुई बरसात के कारण विद्युत उपकेंद्र भिनगा के भंगहा फीडर पर सात विद्युत पोल व तीन स्थानों पर ट्रांसफार्मर टूटकर गिरने से क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, मछरिहवा फीडर पर भिनगा जंगल में कई स्थानों पर पेड़ की डालियां गिरने से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। कलेक्ट्रेट फीडर पर खैरीमोड़ के निकट कई स्थानों पर पेड़ की डाल गिरने से संयुक्त जिला चिकित्सालय व कलेक्ट्रेट सहित सरकारी कार्यालयों व आवासों की विद्युत आपूर्ति बाधित है।
भिनगा जंगल में डाल गिरने से विद्युत उपकेंद्र घोलिया की आपूर्ति ठप है। यही हाल गिलौला, इकौना, कटरा व सीताद्वार सहित उल्लहवा विद्युत उपकेंद्र का भी है। जहां तेज आंधी-पानी के कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। वहीं, परसोहना में हाईटेंशन लाइन गिरने से समूचे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। जिसे बहाल करने के लिए पावर कॉर्पोरेशन कर्मी बरसात थमने के बाद से मरम्मत में जुट गए हैं।
संबंधित खबरें पेज 3 पर...