बहराइच/राजी चौराहा। गोड़वा गांव में सोमवार को छत पर जाल बांधते समय सरिया सीधी करने के दौरान गलती से ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से छू गई। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सरिया पकड़े तीन मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। आननफानन में तीनों मजदूरों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया जबकि एक मजदूर की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मजदूर की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उधर, कपरवल गांव में पानी की मोटर में आए करंट से एक ग्रामीण की मौत हो गई।
रामगांव थाना क्षेत्र के गोड़वा गांव निवासी दीपक पुत्र ज्ञानचंद अपने आवास का निर्माण करा रहे हैं। सोमवार को मजदूर छत पर सरिया बांधने का काम कर रहे थे। छत के ऊपर से हाईटेंशन तार भी गुजरा हुआ है। सरिया सीधी करने के दौरान गलती से हाईटेंशन तार में छू गई। जिससे सरिया सीधी करने में लगे मजदूर मोगरिया गांव निवासी परशुराम (36), लाडली प्रसाद (35) व पांचू खां (38) चपेट में आ गए। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीनों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। साथ में काम कर रहे मजदूर आननफानन इलाज के लिए मेडिकल कालेज लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने सांवली प्रसाद व लाडली प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
रामगांव थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के भाई नितेश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। उधर, बौंडी थाना क्षेत्र के कपरवल निवासी ननकये सिंह (45) कटान पीड़ित हैं। करेहना बंधा के पास निवास करते हैं। सोमवार दोपहर में हैंडपंप चलाने के लिए गए। मोटर में करंट उतरने से चिपक कर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।