बहराइच के नानपारा क्षेत्र में उर्वरक की दुकान पर खरीददारी करने वाले किसान से वार्ता करते जिला कृ?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। उर्वरक की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर यूरिया बेचे जाने की शिकायत पर गुरुवार को जिले में 29 दुकानों पर छापा गया। शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी की अगुवाई में कृषि अधिकारियों ने छापा मारा। इस दौरान अधिक दर पर यूरिया की बिक्री मिलने पर तीन दुकानों का लाइसेंस निलंबित किया गया है। अभिलेख अपूर्ण होने पर छह दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। सात नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिले में कृषि अधिकारियों के छापे के बावजूद प्राइवेट उर्वरक व्यवसायी किसानों को उचित दर पर यूरिया नहीं दे रहे हैं। इसको देखते हुए शासन की ओर से बीएन पांडेय को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। गुरुवार को कैसरगंज और जरवल विकास खंड में संचालित उर्वरक की दुकानों पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी रामदशरथ वर्मा और उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी ने छापा मारा।
इस दौरान टीम ने अधिक दर पर यूरिया बिक्री करते मिलने पर कैसरगंज के जियाउद्दीन खाद भंडार, जरवल में रिया खाद-बीज भंडार और शफीक बीज भंडार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। उप कृषि निदेशक ने सदर व पयागपुर तहसील में दुकानों पर छापा मारा, लेकिन यहां पर सब ठीक मिला। मिहींपुरवा और नानपारा तहसील में नोडल अधिकारी बीएन पांडेय और जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय की अगुवाई में छापे मारे गए।
दुकानों पर हो रही यूरिया की बिक्री के मामले में किसानों से नोडल अधिकारी ने जानकारी ली। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में 29 उर्वरक की दुकानों पर छापा मारा गया, जिसमें खाद के सात नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अभिलेख अपूर्ण मिलने पर छह दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।