बहराइच। विकास खंड हुजूरपुर क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर शुक्रवार को कृषि विभाग की टीम ने छापामारा। इस दौरान टीम ने खामियां मिलने पर एक विक्रेता का लाइसेंस निलंबित करते हुए दो को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला कृषि अधिकारी डाॅ. सूबेदार यादव की अगुवाई में विभाग की टीम ने शुक्रवार को हुजूरपुर स्थित उर्वरक की कई दुकानों पर छापामारा। टीम ने दुकान में अभिलेखों आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण में टीम को करमुल्लापुर भग्गड़वा गांव स्थित मान सरजू इंटर प्राइजेज पर उर्वरक की बिक्री में काफी खामियां मिलीं। अभिलेख भी पूरे नही थे। टीम ने दुकान के लाइसेंस को निलंबित कर दिया। वहीं वरूआ चौराहा स्थित शुक्ला कृषि केंद्र व कटघरी गांव स्थित महालक्ष्मी इंटर प्राइजेज में स्टाक वितरण रजिस्टर अपूर्ण होने के चलते दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई।
निरीक्षण के दौरान कृषि अधिकारी ने उर्वरक विक्रेताओं को ई-पास मशीन से अपने अभिलेखों की जांच कर शासन द्वारा निर्धारित दामों पर ही उर्वरक की बिक्री करें। उर्वरक बिक्री के साथ स्टाक व वितरण रजिस्टर और उर्वरक खरीद पंजिका को प्रतिदिन भरकर रखा जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता व कालाबाजारी न करें। उन्होंने सभी विक्रेताओं को चेतावनी दी कि अगर किसी के खिलाफ कोई शिकायत मिलती है, तो कार्रवाई कार्रवाई की जाएगी।