निशानगाड़ा एसएसबी कैंप के पास दिखा तेंदुआ। - स्रोत : ग्रामीण
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मिहींपुरवा-बिछिया मार्ग पर निशानगाड़ा एसएसबी कैंप के पास रविवार को तेंदुआ दिखाई दिया। सड़क किनारे झाड़ियों में आराम कर रहे तेंदुए को बाइक सवार राहगीरों ने देखा। उन्होंने सुरक्षित दूरी बनाकर मोबाइल से उसकी तस्वीरें खींच लीं। तेंदुए की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
कतर्नियाघाट क्षेत्र में बाघ, हाथियों और तेंदुओं की मौजूदगी वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। तेंदुए की तस्वीर सामने आने से पर्यटकों में उत्साह है। वन्यजीवों की मौजूदगी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता को भी दर्शाती है।
वन विभाग ने राहगीरों और पर्यटकों से जंगल के आसपास सफर करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। वन्यजीव दिखाई देने पर उनके पास जाने, शोर मचाने या उन्हें परेशान करने से बचें। सुरक्षित दूरी से ही वन्यजीवों को देखें और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखें।