कतर्नियाघाट संरक्षित वनक्षेत्र में पर्यटकों को दिखा तेंदुआ। - स्रोत : पर्यटक
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज के घने जंगल इन दिनों पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों के लगातार दर्शन होने से सैलानियों में भारी उत्साह है।
शुक्रवार शाम को निशानगाड़ा रेंज के रूट नंबर चार पर सफारी कर रहे पर्यटकों को एक बेहद रोमांचक अनुभव हुआ। लखनऊ के गोमतीनगर से आए पर्यटक रोहित सिंह, जमशेद अहमद और उनके मित्रों की जिप्सी के सामने अचानक एक तेंदुआ आ गया।
इसे देखते ही जिप्सी चालक ने सावधानी बरतते हुए वाहन रोक दिया। लगभग पांच मिनट तक तेंदुआ सड़क पर ही रहा, जिसे देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। कई पर्यटकों ने इस दुर्लभ दृश्य को अपने कैमरों में भी कैद किया।
इसके बाद तेंदुआ शांति से जंगल की ओर चला गया। पर्यटक रोहित सिंह ने बताया कि कतर्नियाघाट की शांति और यहां के वन्यजीव उन्हें बहुत पसंद आए। रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि इस पर्यटन सत्र की शुरुआत से ही निशानगाड़ा क्षेत्र में बाघ और तेंदुओं की हलचल लगातार देखी जा रही है।