उर्रा (बहराइच)। मुर्तिहा रेंज के गोलहना गांव में शनिवार की रात पुन: तेंदुआ आ गया। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गश्त कर रहे वनकर्मियों को दी। वनकर्मियों ने मादा तेंदुए के शावक की पुष्टि की। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि मादा तेंदुआ शावक के साथ गांव पहुंची थी। तेंदुए को पकड़ लिया गया है। शावक मां की तलाश में गांव में भटक रहा है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत गोलहना गांव में 19 नवंबर को तेंदुए ने पांच वर्षीय बालिका को मार डाला था। वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजड़े में 21 नवंबर की रात तेंदुआ कैद हो गया था। ऐसे में ग्रामीण राहत की सांस ले रहे थे, लेकिन शनिवार की रात तेंदुआ फिर गांव पहुंच गया। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सूचना रेंज कार्यालय पर दी। मौके पर पहुंचकर वनकर्मियों ने मुआयना किया। वन क्षेत्राधिकारी एके त्यागी ने बताया कि गोलहना गांव में पुन: तेंदुआ आया था, लेकिन यह मादा तेंदुआ का शावक है, जो मां की तलाश में इधर-उधर भटक रहा है। शावक पर नजर रखी जा रही है। वनकर्मियों को अलर्ट किया गया है, जिससे शावक को कोई नुकसान न पहुंचे। उसे सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि मादा तेंदुआ शावक के साथ गोलहना गांव में पहुंची थी। मां की तलाश में शावक भटक रहा है। वन क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।